गोरखपुर
तेज रफ्तार ऑटो ने परिवार को रौंदा, दो वर्षीय मासूम की मौत
पिपरा पांडेय गांव के पास हुआ दर्दनाक हादसा
गोरखपुर/उरुवा। उरुवा थाना क्षेत्र के पिपरा पांडेय गांव के पास गुरुवार सुबह तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े परिवार के लोगों से टकरा गया। हादसे में दो वर्षीय मासूम देवांश की मौत हो गई। चार माह की बच्ची तृषा समेत तीन लोग घायल हुए हैं। दुर्घटना के बाद ऑटो चालक वाहन लेकर सिकरीगंज की ओर फरार हो गया।
पत्नी के उपचार के लिए घर आया था विनय
पिपरा पांडेय निवासी विनय पांडेय नोएडा की एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। उनकी पत्नी श्वेता पांडेय का करीब डेढ़ माह पहले ऑपरेशन हुआ था। टांकों में परेशानी होने के कारण उन्हें उपचार के लिए गोरखपुर ले जाना था। इसी सिलसिले में विनय दो दिन पहले छुट्टी लेकर घर आए थे।
कार में बैठने की तैयारी के दौरान टक्कर
गुरुवार सुबह परिवार के लोग घर के बाहर सड़क किनारे खड़े होकर कार में बैठने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान उरुवा की ओर से तेज रफ्तार में आया ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर परिवार से जा टकराया। ऑटो की चपेट में विनय का दो वर्षीय बेटा देवांश भी आ गया। हादसे के दौरान बस का इंतजार कर रहे अमोढ़ा निवासी श्रवण सिंह को भी ऑटो ने टक्कर मार दी।
देवांश को डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उरुवा पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद देवांश को मृत घोषित कर दिया। चार माह की बच्ची तृषा के हाथ में फ्रैक्चर बताया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया। एक अन्य घायल का भी उपचार कराया गया।
मुकदमा दर्ज, चालक की तलाश जारी
सूचना पर उरुवा थानाध्यक्ष श्यामदेव चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने देवांश के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और फरार ऑटो चालक की तलाश की जा रही है।
तीर्थ यात्रा की तैयारियों के बीच छाया मातम
परिजनों के मुताबिक देवांश के दादा सागर पांडेय और दादी तारा पांडेय रविवार को तीर्थ यात्रा पर जाने की तैयारी कर रहे थे। परिवार में रिश्तेदारों के आने-जाने का सिलसिला चल रहा था, लेकिन हादसे के बाद खुशियां मातम में बदल गईं। मासूम की मौत से दादी तारा पांडेय का रो-रोकर बुरा हाल है।
