गोरखपुर
खेत देखने निकली युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप
पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
गोलाबाजार/गोरखपुर। गोला थाना क्षेत्र के एक गांव में खेत देखने निकली 26 वर्षीय युवती के वापस घर नहीं लौटने का मामला सामने आया है। युवती के पिता ने उरुवा थाना क्षेत्र के सिधवानी गांव निवासी एक युवक पर बहला-फुसलाकर उसे भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए गोला थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
नौ सितंबर को घर से निकली थी युवती
पिता के अनुसार बीते नौ सितंबर को उनकी 26 वर्षीय पुत्री दिन में खेत देखने के लिए घर से निकली थी। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चल सका।
युवक के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
तहरीर में पिता ने आरोप लगाया है कि उरुवा थाना क्षेत्र के सिधवानी गांव निवासी गंगेश पुत्र उमेश उनकी पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। गोला पुलिस ने पिता की तहरीर के आधार पर बीएनएस की धारा 87 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच और युवती की तलाश में जुटी है।
