गोरखपुर
सेवा संकल्प के तहत ब्लॉक स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित
बीआरसी सहजनवा में हुआ आयोजन
सहजनवा/गोरखपुर। सेवा संकल्प प्रकल्प के तहत बीआरसी सहजनवा में ब्लॉक स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिताओं से होता है बच्चों का विकास
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अटल बिहारी सिंह ने बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से बच्चों के व्यक्तित्व और सर्वांगीण विकास को बढ़ावा मिलता है।
शिवांगी ने हासिल किया प्रथम स्थान
प्रतियोगिता में प्राथमिक विद्यालय कटाई टिकर की कक्षा पांच की छात्रा शिवांगी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। पूर्व माध्यमिक विद्यालय कसरवल की कक्षा आठ की अंशिका द्वितीय, पूर्व माध्यमिक विद्यालय हरपुर बुदहट प्रथम की कक्षा आठ की प्रतिज्ञा तृतीय स्थान पर रहीं।

अन्य विजेताओं को भी मिला स्थान
पीएम श्री पूर्व माध्यमिक विद्यालय महैता की कक्षा आठ की अंशिका ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया, जबकि कंपोजिट पूर्व माध्यमिक विद्यालय टेकुआपाती के अभय ने पंचम स्थान हासिल किया। सभी विजेता बच्चों को प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया।
शिक्षक और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी यज्ञ नारायण वर्मा, प्राथमिक शिक्षक संघ अध्यक्ष महेश कुमार शुक्ल, सुनील दूबे, घनश्याम मिश्र, सत्यव्रत, शैलेंद्र यादव, ज्ञान सिंह, एआरपी पूजा सिंह और मनोज श्रीवास्तव सहित शिक्षक मौजूद रहे। अंत में महेश कुमार शुक्ल ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार जताया।
