वाराणसी
तेज आंधी-तूफान में पेड़-खंभे गिरने से जनजीवन प्रभावित
आंधी और ओलावृष्टि से ग्रामीण इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त
वाराणसी। जिले के आराजी लाइन स्थित परसंदपुर और कुरौना ग्रामीण इलाकों में बीती शाम तेज आंधी, तूफान, बारिश और ओलावृष्टि हुई। मौसम के अचानक बदले मिजाज के चलते स्थानीय लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए और जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया।
आंधी और तूफान के असर से कई पेड़ तथा बिजली के खंभे धराशायी हो गए। इसके कारण पूरे ग्रामीण क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जबकि संचार व्यवस्था पर भी असर पड़ा। पंचायत भवन से कुछ दूरी पर रहने वाले मन्ना यादव के घर के समीप बिजली का एक खंभा टूटकर उनके मकान पर गिर गया। हादसे में उनका घर क्षतिग्रस्त हो गया।
वहीं, गुलाब यादव के मकान के पास स्थित विशाल नीम का पेड़ उनके घर पर गिर पड़ा। इससे मकान को नुकसान पहुंचा और बाहर खड़ा उनका चार पहिया वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। दूसरी तरफ, जेफर्स पब्लिक इंटर कॉलेज के पास वाराणसी विकास प्राधिकरण का एक बोर्ड गिर जाने से यातायात प्रभावित हो गया। इसके चलते वाहन चालकों को आवाजाही में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
हालांकि गुरुवार को मौसम सामान्य बना रहा। सुबह करीब 6:00 बजे तक धूप निकल आई थी। वहीं दोपहर में तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीती शाम हुई बारिश के कारण गुरुवार को पूरे दिन सामान्य दिनों की तुलना में उमस कुछ कम महसूस की गई।
