गाजीपुर
डीआरएम वाराणसी ने औड़िहार–जौनपुर रेलखंड का किया निरीक्षण
यात्री सुविधाओं और संरक्षा व्यवस्था की समीक्षा, अधिकारियों को दिए निर्देश
डोभी, केराकत और मुफ्तीगंज स्टेशनों का गहन निरीक्षण
सैदपुर, गाजीपुर। मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) वाराणसी आशीष जैन द्वारा औड़िहार–जौनपुर रेलखंड का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के लिए उनका सैलून औड़िहार स्टेशन पहुंचा, जहां से वे जौनपुर की ओर रवाना हुए।
वाराणसी के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि डीआरएम आशीष जैन ने डोभी, केराकत और मुफ्तीगंज रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं एवं संरक्षा उपकरणों का गहन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन पैनल, प्लेटफार्म, वाटर बूथ, स्टेशन भवन, टिकट काउंटर, पैदल उपरिगामी पुल, यात्री शेड एवं बेंचों का अवलोकन किया। उन्होंने पुराने स्टेशन भवन को हटाने, विद्युत कर्षण खंभों को हटाने तथा साफ-सफाई एवं रखरखाव को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में डीआरएम ने संरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए रिले रूम, आईपीएस रूम, पॉइंट एंड क्रॉसिंग रजिस्टर, विफलता रजिस्टर एवं कैंसिलेशन रजिस्टर का भी निरीक्षण किया।

इसके अलावा उन्होंने डोभी टीएसएस (ट्रैक्शन सब-स्टेशन) एवं टीआरडी (ट्रैक्शन डिस्ट्रीब्यूशन) शेड का भी गहन निरीक्षण किया। इस दौरान विद्युत आपूर्ति प्रणाली, ट्रांसफार्मर, सर्किट ब्रेकर, सुरक्षा उपकरणों और नियंत्रण कक्ष की कार्यप्रणाली का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
रेलखंड के निरीक्षण के दौरान किमी 08/42 पर स्थित समपार संख्या 06 स्पेशल का भी संरक्षा निरीक्षण किया गया। इस दौरान गेटमैन रामप्रवेश यादव के सक्षमता प्रमाण पत्र एवं पीएमई प्रमाण पत्र की जांच कर संरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए।
इसी प्रकार समपार संख्या 02 पर बूम लॉक, हाइट गेज और गेट की स्थिति का निरीक्षण करते हुए गेटमैन आशाराम मिश्रा के प्रमाण पत्रों की भी जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर आयुष कुमार सिंह, मंडल विद्युत इंजीनियर दीपक यादव, मंडल संरक्षा अधिकारी अभिषेक कुमार सिंह, सहायक मंडल परिचालन प्रबंधक एस. के. राय, सहायक मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर धनश्याम चौधरी, सहायक वाणिज्य प्रबंधक डी. के. सिंह, सहायक मंडल इंजीनियर नीरज कुमार सहित कई वरिष्ठ पर्यवेक्षक मौजूद रहे।
