गाजीपुर
टड़वा भवानी मंदिर के पास डीजे लदी पिकअप की टक्कर से किशोर की मौत
दर्शन-पूजन के लिए आजमगढ़ से आया था परिवार, मौसेरा भाई घायल
सड़क किनारे खड़े दो बच्चों को अनियंत्रित वाहन ने मारी टक्कर, परिवार में मचा कोहराम
सादा (गाजीपुर)। बहरियाबाद थाना क्षेत्र के हुसैनपुर मुर्थान स्थित टड़वा भवानी मंदिर पर दर्शन-पूजन के लिए आए एक परिवार पर बुधवार को दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। डीजे लदी एक अनियंत्रित पिकअप की चपेट में आने से एक किशोर की मौत हो गई, जबकि उसका मौसेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार, आजमगढ़ जनपद के मालपार (पल्हना) निवासी बबलू गौड़ अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ मां टड़वा भवानी मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए आए थे। बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे परिवार के सदस्य नाश्ता कर रहे थे, जबकि बबलू गौड़ का 12 वर्षीय पुत्र शिवम गौड़ और उनकी साली का 10 वर्षीय पुत्र निखिल गौड़ मंदिर परिसर के बाहर सड़क किनारे खड़े थे।
अनियंत्रित पिकअप ने मारी टक्कर
इसी दौरान बेलहाडीह की ओर से आ रही डीजे लदी एक पिकअप अनियंत्रित होकर दोनों बच्चों को टक्कर मारते हुए निकल गई। हादसे में दोनों मौसेरे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बहरियाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल परमानपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया।
चिकित्सकों ने शिवम को किया मृत घोषित
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परमानपुर में चिकित्सकों ने शिवम गौड़ को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल निखिल गौड़ का उपचार चल रहा है।
बहरियाबाद थानाध्यक्ष बृजेश कुमार ने बताया कि शिवम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पिता की तहरीर पर दर्ज होगा मुकदमा
पुलिस के अनुसार मृतक के पिता बबलू गौड़ की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद चालक और वाहन की तलाश भी की जा रही है।
परिवार में पसरा मातम
शिवम गौड़ अपने माता-पिता खुशबू और बबलू गौड़ के दो बेटों में से एक था। बेटे की असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मां खुशबू का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि अन्य परिजन भी गहरे सदमे में हैं।
दर्शन-पूजन के लिए आए परिवार को इस दर्दनाक हादसे ने गम में डुबो दिया। घटना के बाद मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल बना रहा।
