भदोही
जिलाधिकारी ने शिकायत की मौके पर जांच की
चकवा चंदेल गांव पहुंचकर भूमि विवाद का किया स्थलीय निरीक्षण, निष्पक्ष जांच के दिए निर्देश
भदोही। जन शिकायतों के त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण के उद्देश्य से जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने विकासखंड औराई के ग्राम पंचायत चकवा चंदेल में पहुंचकर भूमि विवाद से जुड़ी शिकायत का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिकायतकर्ता श्रीमती कमलेश सिंह के प्रकरण की मौके पर जांच कर संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली।
राजस्व अभिलेखों की जांच के दिए निर्देश
जिलाधिकारी ने ग्राम चकवा स्थित गाटा/खसरा संख्या 103 एवं 104 का निरीक्षण कर मौके की स्थिति और राजस्व अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी अभिलेखों की गहन जांच कर निष्पक्ष एवं तथ्यपरक रिपोर्ट तैयार की जाए।
समयबद्ध कार्रवाई पर दिया जोर
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी ज्ञानपुर अरुण दीक्षित को शिकायत की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक जन शिकायत का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान राजस्व विभाग की टीम, कोतवाल और अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।
