Connect with us

भदोही

डॉ. अम्बेडकर चिकित्सा सहायता योजना से गंभीर मरीजों को मिलेगा आर्थिक सहारा

Published

on

Loading...
Loading...

एससी-एसटी वर्ग के पात्र मरीजों को 3.50 लाख रुपये तक की सहायता, स्वास्थ्य विभाग ने आवेदन शुरू किए

भदोही। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार की डॉ. अम्बेडकर चिकित्सा सहायता योजना (संशोधित-2026) के तहत अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के गंभीर बीमारियों से पीड़ित पात्र मरीजों को उपचार के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। जिलाधिकारी शैलेष कुमार के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग पात्र मरीजों को चिन्हित कर योजना का लाभ दिलाने में जुटा है।

Loading...

इन बीमारियों के इलाज के लिए मिलेगी सहायता

योजना के तहत हृदय सर्जरी के लिए 1.50 लाख रुपये, किडनी सर्जरी, डायलिसिस एवं अंग प्रत्यारोपण के लिए 3.50 लाख रुपये, कैंसर के उपचार के लिए 2.50 लाख रुपये, ब्रेन सर्जरी के लिए 2 लाख रुपये, स्पाइनल सर्जरी के लिए 1.50 लाख रुपये तथा अन्य गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए 2 लाख रुपये तक की सहायता मिलेगी। पात्र मरीज एम्स, एसजीपीजीआई, टाटा कैंसर संस्थान सहित केंद्र एवं राज्य सरकार के मान्यता प्राप्त अस्पतालों में उपचार करा सकेंगे।

सीएमओ कार्यालय में कर सकते हैं आवेदन

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि योजना का लाभ उन एससी-एसटी मरीजों को मिलेगा जिनकी वार्षिक पारिवारिक आय 5 लाख रुपये तक है और जिनके पास आयुष्मान भारत कार्ड नहीं है। किडनी प्रत्यारोपण के मामलों में आयुष्मान कार्डधारक भी पात्र होंगे। इच्छुक मरीज आवेदन पत्र, आय एवं जाति प्रमाण पत्र, आधार या राशन कार्ड तथा अस्पताल द्वारा जारी उपचार के अनुमानित व्यय के साथ मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, भदोही (कक्ष संख्या 5-18) में आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने पात्र मरीजों से समय पर योजना का लाभ उठाने की अपील की है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page