गोरखपुर
जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, पूर्व मंत्री गंगा निषाद पर जानलेवा हमला
गोरखपुर। जिले के गुलरिहा थाना क्षेत्र के खुटहन गांव निवासी पूर्व मंत्री गंगा निषाद पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि जमीन विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए।
हमले के दौरान उनके सिर पर ईंट-पत्थर से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है।
जानकारी के अनुसार करीब 10 दिन पहले नींव खोदने को लेकर पड़ोसियों से विवाद हुआ था। बेटे सुरेंद्र द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर में पड़ोस में रहने वाले श्रीभागवत निषाद, उनके बेटे अजय निषाद, विजय निषाद समेत कुछ अन्य लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया गया है।
आरोप है कि गुरुवार 14 मई की सुबह करीब 8 बजे पूर्व मंत्री गंगा निषाद अपने घर के बाहर टहल रहे थे। इसी दौरान उन पर हथौड़े से हमला कर दिया गया, जिससे उनकी बाईं आंख के ऊपर गंभीर चोट लग गई और खून बहने लगा।
चीख-पुकार सुनकर जब तक परिजन बाहर पहुंचे, तब तक हमलावर मौके से फरार हो चुके थे। परिजनों के मुताबिक घायल मंत्री जमीन पर गिरे पड़े थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। गंगा निषाद पूर्व मंत्री दिवंगत जमुना निषाद के भाई हैं।
