गोरखपुर
महिलाओं और ग्रामीणों ने तहसील परिसर में काटा हंगामा, बुलानी पड़ी पुलिस
गोलाबाजार (गोरखपुर)। गोला तहसील परिसर में शनिवार को आयोजित तहसील दिवस खासा हंगामा भरा रहा। हंगामा को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बुलानी पड़ गयी। वहीं मामलों के निस्तारण के मामले पूर्व की तरह ढीला ही रहा। कुल सात प्रतिशत मामले ही निस्तारित हो सके।
तहसील दिवस उस समय हंगामे की भेंट चढ़ गया, जब ग्राम ऊंचागांव निवासी राजाराम पुत्र धर्मराज उर्फ घरभरन अपने साथ महिलाओं व अन्य ग्रामीणों को लेकर तहसील पहुंच गए। ग्रामीणों ने पत्थर नसब में हो रही देरी को लेकर एसडीएम, कानूनगो व लेखपाल पर लाभ लेकर कार्य में देरी करने का आरोप लगाते हुए जोरदार हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा बढ़ता देख तहसील प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल गोला पुलिस को सूचना दी। सूचना पर थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह पुलिस बल के साथ तहसील पहुंचे और किसी तरह समझा-बुझाकर हंगामा कर रहे महिलाओं व पुरुषों को शांत कराया तथा वापस घर भेजा। इसी दौरान ककरही से आए कुछ कास्तकारों ने भी तहसील परिसर में प्रदर्शन करते हुए आरोप लगाया कि रेलवे में जा रही उनकी जमीन की अब तक हिस्सा कसी नहीं की गई है, जिसके कारण उन्हें मुआवजा नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों ने संबंधित लेखपाल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग किया है।
