गाजीपुर
जमानियां के हिंदू पीजी कॉलेज में ‘वृक्षारोपण महायज्ञ-2026’ का भव्य शुभारंभ
एनएसएस और एनसीसी कैडेट्स ने पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कॉलेज परिसर में लगाए गए पौधे, हरित भविष्य के निर्माण का लिया संकल्प
जमानियां (गाजीपुर)। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार प्रो. श्रीनिवास सिंह हिंदू पीजी कॉलेज में ‘वृक्षारोपण महायज्ञ-2026’ का भव्य शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री के वृक्षारोपण अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाना और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए जनभागीदारी को बढ़ावा देना रहा।

अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय परिसर में वृहद स्तर पर पौधरोपण किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की स्वयंसेविकाओं ने “वृक्ष लगाओ, देश बचाओ” तथा “जब होगी पेड़-पौधों की बढ़त, तभी होगी जीवन की बढ़त” जैसे नारों के साथ उत्साहपूर्वक पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के कैप्टन अंगद प्रसाद तिवारी एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अभिषेक तिवारी ने भी पौधरोपण कर स्वच्छ एवं हरित वातावरण बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारियों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में प्रो. अखिलेश कुमार शर्मा शास्त्री, प्रो. अरुण कुमार, डॉ. लालचंद पाल, डॉ. उर्वशी दत्ता, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. अमित कुमार, डॉ. सचिन, डॉ. धर्मेंद्र, डॉ. सौरभ कुमार, अनिमेष पांडेय सहित महाविद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
