गाजीपुर
जिला एथलेटिक्स चैंपियनशिप में खिलाड़ियों को मिलेगा प्रतिभा दिखाने का मौका
बहरियाबाद गाजीपुर। एथलेटिक्स एसोसिएशन के तत्वावधान में अंडर-14 एवं अंडर-16 आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं के लिए जिला एथलेटिक्स स्कूल/क्लब जूनियर चैंपियनशिप 2026 का आयोजन 23 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से पीजी कॉलेज ग्राउंड, गाजीपुर में किया जाएगा। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों, खेल क्लबों एवं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव डॉ. रुद्रपाल यादव ने बताया कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को 20वीं राष्ट्रीय अंतर-जिला जूनियर एथलेटिक्स मीट (NIDJAM)-2026 में गाजीपुर का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन 14 से 16 नवंबर 2026 तक वॉक्ससेन यूनिवर्सिटी, कामकोले, सदाशिवपेट, हैदराबाद (तेलंगाना) में प्रस्तावित है।
ये होंगे आयु वर्ग और प्रमुख मुकाबले
आयु वर्ग के अनुसार अंडर-14 बालक एवं बालिकाओं के लिए जन्मतिथि 17 नवंबर 2012 से 16 नवंबर 2014 के बीच निर्धारित की गई है। वहीं, अंडर-16 बालक एवं बालिकाओं के लिए जन्मतिथि 17 नवंबर 2010 से 16 नवंबर 2012 के बीच होनी चाहिए।
अंडर-14 वर्ग में ट्रायथलॉन के तहत 60 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, बैक थ्रो, 600 मीटर दौड़ और किड्स जैवलिन थ्रो जैसी स्पर्धाएं आयोजित होंगी। वहीं, अंडर-16 वर्ग में 60 मीटर दौड़, 80 मीटर हर्डल्स, 600 मीटर दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद, स्टैंडिंग शॉटपुट, जैवलिन थ्रो और पेंटाथलॉन की स्पर्धाएं होंगी।
पंजीकरण के लिए 22 अक्टूबर अंतिम तिथि
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को अपनी आयु की पुष्टि के लिए भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (AFI) से प्राप्त एएफआई यूआईडी तथा आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। प्रवेश एवं पंजीकरण की अंतिम तिथि 22 अक्टूबर 2026 को शाम पांच बजे तक निर्धारित की गई है। खिलाड़ी जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में ऑनलाइन या ऑफलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। इसके अलावा व्हाट्सएप नंबर 9616810205 या ईमेल ghazipurathletics@gmail.com के माध्यम से भी आवेदन भेज सकते हैं।
जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन ने जनपद के सभी विद्यालयों, खेल क्लबों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों एवं खिलाड़ियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने की अपील की है। प्रतियोगिता का उद्देश्य जनपद की एथलेटिक्स प्रतिभाओं को जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।
