भदोही
चौरी पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का किया भंडाफोड़, चार शातिर चोर गिरफ्तार
चोरी की चार मोटरसाइकिल बरामद, पुलिस टीम को मिलेगा 10 हजार रुपये का पुरस्कार
सघन चेकिंग अभियान के दौरान मिली सफलता
भदोही। जनपद में वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चौरी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में की गई इस कार्रवाई के लिए वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम को 10 हजार रुपये का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार 23 जून 2026 को थाना चौरी पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ वाहन चोर चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ क्षेत्र से गुजरने वाले हैं।
सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ग्राम कन्धिया मेन रोड पर कपसेठी-चौरी बॉर्डर पुलिया के पास घेराबंदी कर चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
पूछताछ में कबूला चोरी का अपराध
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे विभिन्न स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे। आरोपियों ने बताया कि 5 जून 2026 को तक्खु की बौली क्षेत्र से तथा 14 मई 2026 को बरदहा क्षेत्र में एक बारात से मोटरसाइकिल चोरी की थी। इसके अलावा जौनपुर के नेवढ़िया क्षेत्र से भी एक बाइक चोरी करने की बात स्वीकार की।
अभियुक्तों ने बताया कि वे मास्टर चाबी की सहायता से बाजारों और सुनसान स्थानों पर खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते थे तथा बाद में उनके नंबर प्लेट बदलकर बेचने की तैयारी करते थे।
गिरफ्तार अभियुक्त
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में—
- नितेश पटेल उर्फ नन्हकू पटेल पुत्र छोटेलाल पटेल, निवासी अमवा कला (भवानीपुर), थाना चौरी, भदोही
- राज पटेल उर्फ छोटू पटेल पुत्र राजेश पटेल, निवासी अमवा कला (भवानीपुर), थाना चौरी, भदोही
- आर्यन गुप्ता उर्फ विशेष गुप्ता पुत्र सच्चेलाल गुप्ता, निवासी बरदहा, थाना चौरी, भदोही
- प्रियांसु सिंह उर्फ मोनू पुत्र शैलेश सिंह, निवासी बरदहा, थाना चौरी, भदोही
शामिल हैं।
बरामद मोटरसाइकिलें
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से—
- टीवीएस अपाचे (सफेद रंग)
- बजाज डिस्कवर (नीला रंग)
- हीरो स्प्लेंडर प्रो (काला रंग)
- एचएफ डिलक्स (ग्रे रंग)
कुल चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
मुकदमा दर्ज, भेजे गए जेल
गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध थाना चौरी में मु0अ0सं0 96/2026 के तहत बीएनएस की धारा 317(2), 318(4) एवं 336(3) में मुकदमा दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेजा जा रहा है।
पुलिस टीम की सराहना
इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक रामसरीख गौतम, उपनिरीक्षक प्रवेश राय, नथुनी सिंह, हेड कांस्टेबल अबरार अहमद, कांस्टेबल गुड्डू मद्धेशिया, उत्कर्ष सिंह, अरविन्द कुमार एवं बृजेश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम के उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
