गोरखपुर
चोरी के आरोप में दो अभियुक्त गिरफ्तार, एक बाल अपचारी पुलिस अभिरक्षा मे
दुकान से नकदी और कैमरा चोरी करने वाले आरोपियों के कब्जे से 11,422 रुपये बरामद
गुलरिहा पुलिस की कार्रवाई, किशोर आरोपी को न्यायालय में किया जाएगा प्रस्तुत
गोरखपुर। चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने एवं अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गुलरिहा पुलिस ने चोरी के मामले का सफल खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। वहीं एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लेकर किशोर न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक गुलरिहा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना गुलरिहा पर पंजीकृत मुकदमा संख्या 461/2026 से संबंधित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की रकम में से 11,422 रुपये नकद बरामद किए हैं।
दुकान से चोरी हुए थे 15 हजार रुपये और कैमरा
पुलिस के अनुसार, 8 जून 2026 को वादी की दुकान से अज्ञात चोरों द्वारा 15 हजार रुपये नकद तथा एक कैमरा चोरी कर लिया गया था। पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना गुलरिहा में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया। बरामदगी एवं गिरफ्तारी के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) की बढ़ोतरी भी की गई है।
गिरफ्तार अभियुक्त
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान निम्नवत है—
- अमन वर्मा पुत्र लालजी वर्मा, निवासी सीकरी बाजार, थाना मोहाना, जनपद सिद्धार्थनगर।
- विशाल कुमार पुत्र अर्जुन प्रसाद, निवासी सीकरी बाजार, थाना मोहाना, जनपद सिद्धार्थनगर।
इसके अतिरिक्त एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लेकर किशोर न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने की प्रक्रिया चल रही है।
इन धाराओं में दर्ज है मुकदमा
मामले में थाना गुलरिहा पर मुकदमा संख्या 461/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ए), 331(4) एवं 317(2) के अंतर्गत कार्रवाई की जा रही है।
बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 11,422 रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
