गाजीपुर
चार दिन से लापता मासूम का शव घर के पास मिला, पुलिस जांच में जुटी
भांवरकोल के गोड़ी खास गांव में चार वर्षीय बच्चे की संदिग्ध मौत, कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बोले— हर पहलू की गहन जांच जारी, जल्द होगा घटना का खुलासा
गाजीपुर। भांवरकोल थाना क्षेत्र के गोड़ी खास गांव में चार दिन से लापता चार वर्षीय बालक का शव गुरुवार को घर के पास मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई 2026 को गोड़ी खास निवासी जामवंत कुशवाहा ने अपने चार वर्षीय पुत्र के लापता होने की सूचना दी थी। इस संबंध में थाना भांवरकोल पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम बालक की तलाश में जुटी हुई थी।
गुरुवार को बालक के पिता ने घर के समीप ही बच्चे का शव मिलने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अतुल कुमार सोनकर ने बताया कि घटना के संबंध में सभी संभावित बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई कर रही है और जल्द ही घटना का सफल अनावरण किया जाएगा।
