भदोही
घोसिया में अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी
शव की पहचान में जुटी पुलिस, क्षेत्र में फैली दहशत
युवक का एक हाथ जन्मजात विकलांग प्रतीत होने से पहचान के प्रयास तेज
ज्ञानपुर, भदोही। औराई थाना क्षेत्र के घोसिया नगर पंचायत के पास एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह घोसिया नगर पंचायत के समीप लोगों ने एक युवक का शव पड़ा देखा। शव मिलने की सूचना फैलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीरों की भीड़ मौके पर जुट गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
एक हाथ का पंजा था नहीं
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। युवक ने काले रंग की पैंट, भूरे रंग की हाफ शर्ट तथा काले रंग की बेल्ट पहन रखी थी। मृतक के एक हाथ का पंजा नहीं था, जो प्रथम दृष्टया जन्मजात विकलांगता जैसा प्रतीत हो रहा है।
शिनाख्त के प्रयास जारी
समाचार लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। पुलिस आसपास के गांवों और थानों से संपर्क कर पहचान कराने का प्रयास कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
