Connect with us

बलिया

घोघा चट्टी पर देशी शराब की दुकान का ग्रामीणों ने किया विरोध

Published

on

Loading...
Loading...

जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन, दुकान स्थानांतरित करने की उठाई मांग

छात्राओं की सुरक्षा, धार्मिक आस्था और कानून-व्यवस्था का हवाला देकर दी आंदोलन की चेतावनी

बलिया। घोघा चट्टी पर हाल ही में खोली गई देशी शराब की दुकान के विरोध में सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए जनहित को देखते हुए शराब की दुकान को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की।

छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता

ग्रामीणों का कहना है कि जिस मार्ग पर शराब की दुकान खोली गई है, उसी रास्ते से प्रतिदिन छात्राएं स्कूल और कॉलेज आती-जाती हैं। ऐसे में दुकान के आसपास असामाजिक तत्वों के जमावड़े से छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा प्रभावित होने की आशंका है।

धार्मिक स्थल के पास दुकान खोलने पर आपत्ति

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि इसी मार्ग पर क्षेत्र का एक प्राचीन शिव मंदिर स्थित है, जहां सुबह-शाम बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि रिहायशी क्षेत्र और धार्मिक स्थल के समीप शराब की दुकान खुलने से सामाजिक एवं धार्मिक वातावरण प्रभावित हो रहा है।

Advertisement

विवाद बढ़ने की आशंका

ग्रामीणों ने कहा कि मुख्य आवागमन मार्ग पर शराब की दुकान होने से भविष्य में विवाद और कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए दुकान को शीघ्र अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की।

मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते उनकी मांग पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। उनका कहना था कि यह मुद्दा केवल एक दुकान का नहीं, बल्कि बेटियों की सुरक्षा, धार्मिक आस्था और सामाजिक वातावरण से जुड़ा है।

ज्ञापन सौंपने वालों में चंद्रमा कश्यप, चंदन साहनी, अनिकेत साहनी, राजकुमार साहनी, बच्चा लाल साहनी, राम प्रवेश साहनी, दशरथ साहनी, पतिराम साहनी, सुरेंद्र साहनी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं महिलाएं मौजूद रहीं।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page