गाजीपुर
ग्रेट निकोबार में जंगल कटाई के विरोध में कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान
जखनिया बाजार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की योजना के खिलाफ जताया विरोध
राहुल गांधी के ‘ग्रेट निकोबार बचाओ’ अभियान के समर्थन में लोगों से लिया गया हस्ताक्षर
जखनिया (गाजीपुर)। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जखनिया द्वारा सोमवार को जखनिया बाजार में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के “ग्रेट निकोबार बचाओ” अभियान के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का आयोजन ब्लॉक अध्यक्ष बृजेश कुमार गौतम की अध्यक्षता में किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला कांग्रेस कमेटी गाजीपुर के अध्यक्ष एवं पूर्व प्रत्याशी सुनील राम उपस्थित रहे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार द्वारा ग्रेट निकोबार क्षेत्र में लगभग 161 वर्ग किलोमीटर घने जंगलों को समाप्त किए जाने की प्रस्तावित योजना का विरोध करते हुए आम लोगों से हस्ताक्षर कर समर्थन मांगा।

पर्यावरण संरक्षण को लेकर जताई चिंता
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि ग्रेट निकोबार देश की महत्वपूर्ण जैव विविधता और प्राकृतिक संपदा का केंद्र है। बड़े पैमाने पर जंगलों की कटाई से पर्यावरणीय संतुलन प्रभावित होगा तथा दुर्लभ वन्य जीवों और प्राकृतिक संसाधनों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक धरोहरों की रक्षा के लिए जनजागरण आवश्यक है। इसी उद्देश्य से हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष देवनारायण सिंह, चंद्रिका सिंह, राजेश गुप्ता, विधानसभा संयोजक हामिद अली, विधानसभा प्रभारी जेपी पांडेय, ब्लॉक मीडिया प्रभारी सर्वानंद चौबे, ब्लॉक उपाध्यक्ष राम आधार गिरी, मंडल अध्यक्ष अच्छेलाल कनौजिया, अरुण लाल श्रीवास्तव, राजेंद्र पांडेय, न्याय पंचायत अध्यक्ष ओमप्रकाश गिरी, पूर्व न्याय पंचायत अध्यक्ष रूद्र प्रताप सिंह, शैलेंद्र प्रजापति, नागेंद्र कुशवाहा, पूर्णमासी साहनी, राजेंद्र राजभर, खर्चू चौहान, हातिम राजभर, जिला सचिव राजेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।
जनसमर्थन जुटाने का अभियान रहेगा जारी
ब्लॉक अध्यक्ष बृजेश कुमार गौतम ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण और ग्रेट निकोबार के जंगलों को बचाने के उद्देश्य से हस्ताक्षर अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्राकृतिक संसाधनों और पर्यावरण की रक्षा के लिए जनजागरण अभियान चलाती रहेगी।
