गोरखपुर
गोरखपुर में गैंगस्टर पर बड़ी कार्रवाई, 8.50 लाख की चारपहिया गाड़ी जब्त
गोरखपुर। रामगढ़ताल थाना क्षेत्र में पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के आरोपी अमरजीत सिंह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 8.50 लाख रुपये कीमत की चारपहिया गाड़ी जब्त की है। पुलिस के अनुसार वाहन अपराध से अर्जित धन से खरीदा गया था। कार्रवाई जिलाधिकारी गोरखपुर के आदेश पर उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम, 1986 की धारा 14(1) के तहत की गई।
कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने का आरोप
पुलिस के मुताबिक कार्रवाई रामगढ़ताल थाने में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 746/2024 से संबंधित अमरजीत सिंह पुत्र हनुमंत सिंह के खिलाफ की गई। पुलिस का आरोप है कि अमरजीत सिंह गैंग बनाकर लूट, हत्या के प्रयास और मारपीट सहित कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है।
अपराध से अर्जित धन से संपत्ति जुटाने का आरोप
पुलिस के अनुसार इन्हीं आपराधिक गतिविधियों से अर्जित धन से संपत्ति जुटाने का आरोप है। इसी आधार पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए चारपहिया वाहन को जब्त किया गया।
पांच मुकदमों में दर्ज है नाम
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अमरजीत सिंह के खिलाफ रामगढ़ताल और सहजनवां थानों में कुल पांच मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी, गाली-गलौज और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं। पुलिस ने वर्ष 2023 और 2024 के मामलों के साथ वर्ष 2020 में दर्ज एक मुकदमे का भी उल्लेख किया है।
पुलिस टीम ने की जब्ती की कार्रवाई
जब्ती की कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक श्यामा नन्द राय के नेतृत्व में की गई। टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनूप मणि त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल अनिल गुप्ता, आरक्षी हर्षित और मुकेश प्रजापति शामिल रहे।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
पुलिस अधिकारियों के अनुसार संगठित अपराध में शामिल आरोपियों द्वारा अपराध से अर्जित की गई संपत्तियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
