गाजीपुर
जर्मनी में गूंजेगी जमानियां के डॉ. धर्मेंद्र यादव की आवाज
जमानियां (गाजीपुर)। स्टेशन बाजार स्थित हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय के अंग्रेजी विभाग के सहायक आचार्य डॉ. धर्मेंद्र यादव को जर्मनी के वुर्जबर्ग विश्वविद्यालय से प्रतिष्ठित व्याख्यान के लिए आमंत्रण मिला है। अक्टूबर-नवंबर 2026 में वे दक्षिण-पूर्व एशियन संस्थान, वुर्जबर्ग विश्वविद्यालय में “रामायण एवं महाभारत की मंचन परम्परा” विषय पर व्याख्यान देंगे।
रामलीला और पंडवानी पर होगी चर्चा
डॉ. यादव अपने व्याख्यान में उत्तर भारत की रामायण एवं महाभारत आधारित मंचन परंपराओं के विविध पहलुओं पर प्रकाश डालेंगे। इसमें विशेष रूप से रामलीला और पंडवानी जैसी मंचन परंपराओं के विभिन्न पक्षों को शामिल किया जाएगा।
हैडलबर्ग विश्वविद्यालय में भी दे चुके व्याख्यान
इससे पहले जून 2024 में डॉ. धर्मेंद्र यादव जर्मनी के हैडलबर्ग विश्वविद्यालय में विजिटिंग प्रोफेसर के रूप में रामलीला विषय पर व्याख्यान दे चुके हैं। भारतीय मंचन परंपराओं पर उनका अकादमिक अध्ययन लगातार जारी है।
बीएचयू से की पीएचडी
चंदौली जिले के ग्राम बरडीहा निवासी डॉ. यादव ने प्रारंभिक शिक्षा गांव से प्राप्त की। हाईस्कूल अमड़ा तथा इंटरमीडिएट किसान इंटर कॉलेज बरहनी से करने के बाद उन्होंने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा हासिल की। बीएचयू के अंग्रेजी विभाग से उन्होंने “द रामलीला ऑफ रामनगर : ए स्टडी इन टेक्स्ट, कन्टेक्स्ट एंड परफार्मेन्स” विषय पर पीएचडी की।
अमेरिका में भी दिया ऑनलाइन व्याख्यान
शोध के दौरान डॉ. यादव ने विषय से संबंधित कई शोधपत्र प्रकाशित किए। इसके अलावा अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ नॉर्थ कैरोलिना में “भारत में राम कथा” विषय पर ऑनलाइन व्याख्यान भी दिया।
गुरुजनों को दिया उपलब्धि का श्रेय
डॉ. धर्मेंद्र यादव ने अपनी उपलब्धियों का श्रेय बीएचयू के अंग्रेजी विभाग के प्रो. संजय कुमार एवं प्रो. अर्चना कुमार के मार्गदर्शन और आशीर्वाद को दिया है। जर्मनी में व्याख्यान के लिए आमंत्रण मिलने पर महाविद्यालय और क्षेत्र में प्रसन्नता का माहौल है।
