गोरखपुर
भड़सड़ा में सुनसान मकान का ताला काटकर लाखों के जेवर व नकदी चोरी
बेटी के ऑपरेशन के लिए अस्पताल गया था परिवार, पीछे से चोरों ने खंगाला घर
गोलाबाजार, गोरखपुर। गोला थाना क्षेत्र के ग्राम भड़सड़ा में एक सप्ताह पूर्व चोरों ने सुनसान पड़े मकान का मुख्य द्वार का ताला काटकर लाखों रुपये के कीमती जेवरात और 40 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। पीड़ित की तहरीर पर गोला पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बेटी के ऑपरेशन के लिए गया था पूरा परिवार
ग्राम भड़सड़ा निवासी रमेश चंद्र पुत्र स्व. रामहित ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 16 सितंबर को वह अपनी पुत्री का पथरी का ऑपरेशन कराने एसआरके अस्पताल गया था। उनके साथ परिवार के अन्य सदस्य भी अस्पताल गए थे। इस दौरान घर पर कोई मौजूद नहीं था।
मुख्य दरवाजे का ताला काटकर घुसे चोर
पीड़ित के अनुसार, परिवार की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने मकान के मुख्य दरवाजे का ताला काट दिया और घर के अंदर प्रवेश कर गए। इसके बाद कमरे में रखे छोटे-बड़े बक्सों और अटैचियों के ताले काटकर व तोड़कर उनमें रखा सामान खंगाला।
जेवरात और 40 हजार रुपये ले गए
चोर बक्सों और अटैचियों में रखे सोने-चांदी के कीमती जेवरात तथा 40 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। परिवार के वापस लौटने पर चोरी की जानकारी हुई, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
गोला पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच करते हुए चोरी में शामिल आरोपियों का पता लगाने में जुटी है।
