Connect with us

गाजीपुर

26 सितंबर से मेगा स्वास्थ्य शिविर, 15 हजार मरीजों की ओपीडी का लक्ष्य

Published

on

Loading...
Loading...

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक करेंगे शुभारंभ, देश के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों के विशेषज्ञ देंगे सेवाएं

गाजीपुर। सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत गाजीपुर में तीन दिवसीय वृहद निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। 26 से 28 सितंबर तक लंका मैदान में आयोजित होने वाले शिविर का शुभारंभ 26 सितंबर को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक करेंगे। अभियान का नेतृत्व भाजपा नेता अभिनव सिन्हा कर रहे हैं।

15 हजार मरीजों को निःशुल्क परामर्श देने की तैयारी

शिविर में एम्स नई दिल्ली, जसलोक अस्पताल मुंबई, अपोलो अस्पताल, हेरिटेज इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज और ओरियाना अस्पताल वाराणसी समेत कई प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों के वरिष्ठ एवं विशेषज्ञ चिकित्सक सेवाएं देंगे। तीन दिनों में करीब 15 हजार मरीजों को निःशुल्क ओपीडी परामर्श, स्वास्थ्य जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराने की तैयारी है।

500 मरीजों को सर्जिकल उपचार देने का लक्ष्य

अभियान को जांच और परामर्श तक सीमित न रखते हुए उपचार से भी जोड़ा गया है। रोटरी इंटरनेशनल के सहयोग से 27 सितंबर से 1 अक्टूबर तक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गाजीपुर में मेगा सर्जिकल ड्राइव आयोजित की जाएगी। इसमें करीब 500 चिन्हित मरीजों को आवश्यक सर्जिकल उपचार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

बड़े शहरों जाने की जरूरत कम करने का प्रयास

आयोजकों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य ऐसे मरीजों तक विशेषज्ञ चिकित्सा और सर्जरी की सुविधा पहुंचाना है, जिन्हें उपचार के लिए अक्सर वाराणसी, लखनऊ, दिल्ली या अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है। ओपीडी से लेकर सर्जिकल उपचार तक की व्यवस्था एक ही अभियान से जोड़ने की तैयारी की गई है।

Advertisement

जसलोक के विशेषज्ञ भी देंगे सेवाएं

जसलोक अस्पताल मुंबई से यूरोलॉजी एवं रीनल ट्रांसप्लांटेशन के वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉ. शैलेश रैना तथा नेफ्रोलॉजी एवं ट्रांसप्लांटेशन विभाग के निदेशक डॉ. एमएम बहादुर शिविर में सेवाएं देंगे। उनके विशेषज्ञता वाले क्षेत्रों में किडनी रोग, रीनल ट्रांसप्लांट और यूरोलॉजी से जुड़ी चिकित्सा सेवाएं शामिल हैं।

एम्स नई दिल्ली की विशेषज्ञ टीम भी पहुंचेगी

एम्स नई दिल्ली से न्यूरोलॉजी के प्रो. अचल कुमार श्रीवास्तव, कार्डियोलॉजी के प्रो. अंबुज रॉय, कम्युनिटी मेडिसिन के प्रो. संजय कुमार राय और ऑर्थोपेडिक्स के डॉ. बुद्धदेव चौधरी के शामिल होने की जानकारी दी गई है। शिविर में न्यूरोलॉजी, हृदय रोग और हड्डी रोग समेत विभिन्न क्षेत्रों में विशेषज्ञ परामर्श मिलेगा।

वाराणसी के विशेषज्ञ भी संभालेंगे जिम्मेदारी

वाराणसी से प्रो. मधुकर राय और प्रो. एसके सिंह मेडिसिन, एंडोक्राइनोलॉजी, डायबिटीज, थायरॉइड और मेटाबॉलिक रोगों से संबंधित मरीजों को सेवाएं देंगे। हेरिटेज के डॉ. हिमांशु पांडेय यूरोलॉजी से जुड़े मरीजों को परामर्श देंगे।

महिला, बच्चों और न्यूरो-स्पाइन मरीजों को भी सुविधा

ओरियाना अस्पताल वाराणसी की स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. श्वेता राय तथा न्यूरो एवं स्पाइन सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. संदीप कुमार राय भी शिविर में सेवाएं देंगे। अपोलो अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. श्रीनिवास बच्चों से संबंधित रोगों के लिए विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध कराएंगे।

कई प्रमुख चिकित्सा क्षेत्रों की सेवाएं एक मंच पर

शिविर में न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, स्त्री एवं प्रसूति रोग, बाल रोग, एंडोक्राइनोलॉजी, डायबिटीज और न्यूरो-स्पाइन समेत कई प्रमुख चिकित्सा क्षेत्रों की विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध कराने की तैयारी है।

Advertisement

जांच से उपचार और सर्जरी तक सुविधा का दावा

अभिनव सिन्हा ने कहा कि प्रयास केवल स्वास्थ्य शिविर तक सीमित रखना नहीं है, बल्कि मरीजों को जांच और विशेषज्ञ परामर्श से लेकर उपचार और आवश्यकता पड़ने पर सर्जरी तक की सुविधा उपलब्ध कराना है। उनके अनुसार, गाजीपुर के लोगों के करीब बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने से जरूरतमंद परिवारों को लाभ मिलेगा।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page