Connect with us

बलिया

गोपालनगर टाड़ी में सरयू का कहर जारी

Published

on

Loading...
Loading...

तीन और मकान नदी में समाए

तेज कटान से दहशत में ग्रामीण, एक पखवाड़े में 27 आशियाने उजड़े; प्रशासन ने राहत देने का किया दावा

बैरिया (बलिया)। सुरेमनपुर क्षेत्र के गोपालनगर टाड़ी में सरयू नदी का कटान लगातार तेज होता जा रहा है। बुधवार को कटान की चपेट में आकर नंद जी यादव, रामजीत यादव और लालसाहब यादव के मकान नदी में समा गए। लगातार हो रहे कटान से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और लोग अपने घरों व जमीनों को लेकर चिंतित हैं।

कई गांवों की कृषि भूमि भी कटान की जद में

गोपालनगर टाड़ी के अलावा वशिष्ठनगर, शिवाल मठिया, चाई छपरा, अधिसीझुवा, गुमानी का डेरा और बकुल्हा गांवों के सामने भी सरयू नदी तेजी से कटान कर रही है। इससे उपजाऊ कृषि भूमि लगातार नदी में समाती जा रही है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।

जनप्रतिनिधियों की उदासीनता का आरोप

करीब एक माह से कटान की मार झेल रहे ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर उपेक्षा का आरोप लगाया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या की जानकारी कई बार जनप्रतिनिधियों को दी गई, लेकिन अब तक प्रभावित क्षेत्रों का दौरा नहीं किया गया। ग्रामीणों ने शीघ्र प्रभावी कटानरोधी उपाय और राहत की मांग की है।

24 घंटे में सहायता राशि देने का दावा

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले एक पखवाड़े में 27 लोगों के मकान सरयू नदी में समा चुके हैं। उपजिलाधिकारी शशिभूषण मिश्र ने बताया कि तहसील प्रशासन प्रभावित परिवारों को गृह अनुदान उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रयास किया जा रहा है कि मकान क्षतिग्रस्त होने के 24 घंटे के भीतर पात्र परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान कर दी जाए।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page