Connect with us

बलिया

सीएचसी सिकंदरपुर में फार्मासिस्ट का पद रिक्त, मरीजों को हो रही परेशानी

Published

on

Loading...
Loading...

दो माह से नियमित तैनाती नहीं होने पर स्वास्थ्य मंत्री से हस्तक्षेप की मांग, जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज कराई शिकायत

सिकंदरपुर (बलिया)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिकंदरपुर में पिछले दो माह से फार्मासिस्ट का पद रिक्त होने के कारण मरीजों को दवा वितरण सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाओं में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर तहसील अधिवक्ता एसोसिएशन के संयुक्त मंत्री जितेश कुमार वर्मा (एडवोकेट) ने जनसुनवाई पोर्टल के माध्यम से प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक से शिकायत कर शीघ्र नियमित नियुक्ति की मांग की है।

स्थानांतरण के बाद नहीं हुई नई तैनाती

शिकायत में कहा गया है कि पूर्व फार्मासिस्ट के स्थानांतरण के बाद से अब तक किसी नए फार्मासिस्ट की नियमित नियुक्ति नहीं की गई है। वर्तमान में इस पद का अतिरिक्त प्रभार सीएचसी अधीक्षक के पास है, जिन पर पहले से ही प्रशासनिक और चिकित्सकीय जिम्मेदारियों का भार है। ऐसे में दवा वितरण और औषधि प्रबंधन का कार्य प्रभावित हो रहा है।

बड़ी आबादी की स्वास्थ्य सेवाओं पर असर

अधिवक्ता जितेश कुमार वर्मा ने कहा कि सीएचसी सिकंदरपुर क्षेत्र की बड़ी आबादी को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराता है। ऐसे महत्वपूर्ण पद का लंबे समय तक रिक्त रहना जनहित के विपरीत है और इसका सीधा असर मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं पर पड़ रहा है।

नियमित नियुक्ति की उठाई मांग

उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री से मांग की है कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) बलिया को निर्देशित कर सीएचसी सिकंदरपुर में तत्काल नियमित फार्मासिस्ट की नियुक्ति कराई जाए, ताकि मरीजों को समय पर दवाएं उपलब्ध हो सकें और स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु रूप से संचालित हो सकें।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page