Connect with us

गाजीपुर

गाजीपुर में दिव्यांगों और बुजुर्गों को मिलेंगे मुफ्त सहायक उपकरण, 24 अगस्त से परीक्षण शिविर

Published

on

Loading...
Loading...

व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल, वॉकर, कान की मशीन और चश्मे समेत कई उपकरणों के लिए होगा परीक्षण

गाजीपुर, 20 अगस्त। भारत सरकार की एडिप योजना और राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत गाजीपुर जिले के दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए 24 अगस्त से विशेष परीक्षण शिविर लगाए जाएंगे। मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अपने आसपास के पात्र दिव्यांगजनों और बुजुर्गों को शिविरों की जानकारी दें, ताकि अधिक से अधिक लोग योजना का लाभ उठा सकें।

शिविरों में पात्र लाभार्थियों का परीक्षण कर उन्हें आवश्यकता के अनुसार विभिन्न सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसका उद्देश्य दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के दैनिक जीवन को अधिक सरल और सुगम बनाना है।

वरिष्ठ नागरिकों को मिल सकते हैं ये उपकरण

राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत पात्र वरिष्ठ नागरिकों को वॉकर, कान की मशीन, चश्मा, टॉयलेट सीट, व्हीलचेयर, तिपाई/ट्राईपैड, छड़ी, बैसाखी, कमोड वाली व्हीलचेयर, कृत्रिम दांत, सर्वाइकल कॉलर बेल्ट समेत अन्य आवश्यक सहायक उपकरण दिए जा सकते हैं।

योजना के लिए आधार कार्ड, राशन कार्ड, मनरेगा कार्ड या वृद्धावस्था पेंशन योजना का प्रमाणपत्र जैसे आवश्यक दस्तावेजों के साथ पात्रता साबित करनी होगी। निर्धारित शर्तों के अनुसार मासिक आय 15 हजार रुपये से कम होने पर आय प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत किया जा सकता है।

Advertisement

दिव्यांगजनों को मिलेंगे ट्राइसाइकिल और स्मार्ट केन जैसे उपकरण

एडिप योजना के तहत पात्र दिव्यांगजन ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, स्मार्ट केन, वॉकर, बैसाखी, छड़ी, कान की मशीन/यंत्र, लेप्रोसी किट, एमआर किट समेत अन्य आवश्यक सहायक उपकरणों का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।

इसके लिए आधार कार्ड, न्यूनतम 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता प्रमाण पत्र तथा निर्धारित आय प्रमाण पत्र आवश्यक होगा। योजना में पात्रता के लिए सभी स्रोतों से मासिक आय 22,500 रुपये से कम होनी चाहिए।

जानिए कब और किन विकासखंडों में लगेंगे शिविर

  • 24 अगस्त 2026: देवकली एवं सैदपुर
  • 25 अगस्त 2026: जखनियां एवं सादात
  • 29 अगस्त 2026: मनिहारी एवं बिरनो
  • 31 अगस्त 2026: करंडा एवं सदर
  • 1 सितंबर 2026: कासिमाबाद एवं मरदह
  • 2 सितंबर 2026: बाराचवर एवं मुहम्मदाबाद
  • 3 सितंबर 2026: जमानियां एवं रेवतीपुर
  • 5 सितंबर 2026: भांवरकोल एवं भदौरा

सीडीओ आलोक प्रसाद ने कहा है कि पात्र दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिक निर्धारित तिथियों पर अपने संबंधित विकासखंड में पहुंचकर परीक्षण कराएं और आवश्यक सहायक उपकरणों का लाभ लें।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page