गाजीपुर
गाजीपुर : महिला कॉलेज में नये विषयों की मान्यता को लेकर डॉ. संगीता बलवंत ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
गाजीपुर जिले के राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में नये विषयों की मान्यता की मांग को लेकर राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है। 1977 में स्थापित यह कॉलेज महिला शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और वर्तमान में यहां लगभग 3,000 छात्राएं अध्ययनरत हैं।
कॉलेज प्रशासन के अनुसार, यहां वाणिज्य संकाय में स्नातक, विज्ञान संकाय में भौतिक विज्ञान और गणित विषय में स्नातक की सुविधा नहीं है। इसके अलावा, कला संकाय के तहत शारीरिक शिक्षा और मनोविज्ञान विषय में परास्नातक की मान्यता भी नहीं है। इन विषयों की अनुपलब्धता के कारण छात्राओं को अन्य महाविद्यालयों में जाना पड़ता है या फिर शिक्षा से वंचित रहना पड़ता है।
इस समस्या को देखते हुए सांसद ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि इन महत्वपूर्ण विषयों को महाविद्यालय में शामिल किया जाए, जिससे छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके और वे अपने भविष्य का निर्माण आसानी से कर सकें। अगर इन विषयों को मान्यता मिलती है, तो हजारों छात्राओं को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
