गाजीपुर
गाजीपुर पुलिस की बड़ी उपलब्धि: अपराध नियंत्रण से लेकर माफियाओं की संपत्ति जब्ती तक दर्ज की कई सफलताएं
2017 से अब तक हत्या, लूट और महिला अपराधों में आई उल्लेखनीय कमी
एनडीपीएस, गैंगस्टर और गोवध अधिनियम के तहत हजारों अपराधियों पर कार्रवाई
गाजीपुर। जनपद गाजीपुर पुलिस ने वर्ष 2017 से अब तक अपराध नियंत्रण, अपराधियों की गिरफ्तारी तथा पुलिस अधोसंरचना के विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। इस अवधि में हत्या, लूट, चोरी और महिला संबंधी अपराधों में अप्रत्याशित कमी दर्ज की गई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत 626 मुकदमे दर्ज कर 779 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 3114 किलोग्राम गांजा तथा 33.834 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 75 करोड़ रुपये से अधिक है।
आबकारी अधिनियम के तहत 3973 मुकदमे दर्ज कर 4712 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया तथा 1.68 लाख लीटर से अधिक अवैध शराब बरामद की गई। वहीं शस्त्र अधिनियम के तहत 1875 मुकदमों में 2140 अभियुक्तों की गिरफ्तारी कर 2089 अवैध हथियार और 2791 कारतूस बरामद किए गए।
266 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त
गैंगस्टर एक्ट के तहत 335 मुकदमे दर्ज कर 1341 अभियुक्तों को जेल भेजा गया। इसके अतिरिक्त 151 मामलों में धारा 14(1) गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए 266 करोड़ 50 लाख रुपये से अधिक मूल्य की संपत्तियों को जब्त किया गया।
मुठभेड़ों में 136 अपराधी घायल
पुलिस द्वारा 112 मुठभेड़ों में कार्रवाई करते हुए तीन अपराधियों को ढेर किया गया, जबकि 136 अपराधी घायल हुए।
2673 अभियुक्तों को सजा, दो को मृत्युदंड
पुलिस की प्रभावी पैरवी के चलते 1768 मुकदमों में 2673 अभियुक्तों को सजा दिलाई गई। इनमें 232 अभियुक्तों को आजीवन कारावास तथा दो अभियुक्तों को मृत्युदंड की सजा सुनाई गई।
गोवध और गौ-तस्करी पर भी सख्त कार्रवाई
गोवध अधिनियम के तहत 600 मुकदमे दर्ज कर 1729 गौ-तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 3606 गोवंशों को मुक्त कराया गया तथा 454 वाहनों को जब्त किया गया। वहीं 88 मामलों में गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई।
पुलिस अधोसंरचना और कल्याण कार्यों को मिली गति
इस अवधि में थाना रामपुर मांझा, थाना बिरनो, पुलिस चौकी पचरासी, गोरारी, पैकवली, सैदपुर अग्निशमन केंद्र तथा जनपदीय साइबर थाना सहित कई भवनों का निर्माण कराया गया। पुलिस लाइन में 150 व्यक्तियों की क्षमता वाली बैरक, सीसी रोड, बाउंड्रीवाल और अन्य विकास कार्य भी कराए जा रहे हैं।
इसके अलावा जनपद को 2496 नए पुलिसकर्मी प्राप्त हुए हैं। पुलिस कर्मियों के कल्याण के लिए पुलिस लाइन में क्रेच, बैडमिंटन कोर्ट, क्रिकेट ग्राउंड और पुलिस कैफे का निर्माण कराया गया है तथा नियमित योग एवं स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन भी किया जाता है।
