बलिया
खेत में मिला युवक का शव, मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
चार दिन पहले घर से निकला था युवक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारणों का खुलासा
बैरिया (बलिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के कोटवा गांव स्थित काली मंदिर के समीप शुक्रवार को खेत में एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची बैरिया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से गोन्हिया छपरा निवासी 23 वर्षीय मनीष पासवान के रूप में हुई। उसके पिता इंद्रजीत पासवान, जो पूर्व मध्य रेलवे के थाना हाल्ट स्टेशन (किशनगंज) पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं, ने बताया कि मनीष चार दिन पहले बिना किसी को बताए गांव आया था। उन्होंने बताया कि वह मानसिक रूप से कमजोर था।
परिजनों के अनुसार, मनीष की मौत किन परिस्थितियों में हुई और वह कोटवा गांव के खेत तक कैसे पहुंचा, इसकी जानकारी किसी को नहीं है। घटना की सूचना मिलते ही उसका बड़ा भाई राधेश्याम पासवान भी गांव पहुंच गया।
बैरिया पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, परिजनों की तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
