Connect with us

गोरखपुर

खेत में करंट की चपेट में आने से 22 वर्षीय युवक की मौत, गांव में मातम

Published

on

Loading...
Loading...

बिजली के पोल में उतरे करंट ने ली जान, जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित

निखरकपार गांव की घटना, ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर उठाए सवाल

संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के निखरकपार गांव में शुक्रवार सुबह खेत देखने गए एक 22 वर्षीय युवक की बिजली के पोल में उतरे करंट की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, निखरकपार निवासी सिद्धनाथ का पुत्र मुकेश (22) शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे घर से कुछ दूरी पर स्थित अपने खेत का हाल जानने गया था। बताया जा रहा है कि खेत में लगे बिजली के पोल में अचानक करंट प्रवाहित हो रहा था। जैसे ही मुकेश पोल के संपर्क में आया, उसे तेज करंट का झटका लगा और वह गंभीर रूप से झुलसकर जमीन पर गिर पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा आनन-फानन में मुकेश को जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

Advertisement

सूचना पर कोतवाली खलीलाबाद पुलिस मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश दूबे ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

बिजली विभाग के प्रति ग्रामीणों में नाराजगी

हादसे के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए खेतों में लगे बिजली के पोल और विद्युत लाइनों की नियमित जांच कराने की मांग की। उनका कहना है कि समय रहते रखरखाव और सुरक्षा उपाय किए जाएं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page