गोरखपुर
जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी ने सुनीं 200 फरियादियों की समस्याएं
अधिकारियों को त्वरित एवं संतोषजनक निस्तारण के निर्देश, अवैध कब्जों पर सख्त कार्रवाई के आदेश
इलाज के लिए आर्थिक सहायता का दिया भरोसा, बोले— धन के अभाव में किसी का उपचार नहीं रुकेगा
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में करीब 200 फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री स्वयं लोगों के बीच पहुंचे, उनके प्रार्थना पत्र प्राप्त किए और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने फरियादियों को आश्वस्त करते हुए कहा, “चिंता मत करिए, सरकार सभी की समस्याओं पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।”
इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे लोगों को मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि धन के अभाव में किसी भी जरूरतमंद का उपचार नहीं रुकेगा। हृदय रोग से पीड़ित एक महिला को उन्होंने मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।
जमीन पर अवैध कब्जे से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक अथवा निजी भूमि पर जबरन कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाया जाए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दोहराया कि आमजन की समस्याओं का त्वरित और संतोषजनक समाधान प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
