गाजीपुर
खड़े ट्रेलर में पीछे से दूसरे ट्रेलर की जोरदार टक्कर, चालक की दर्दनाक मौत
नंदगंज (गाजीपुर)। वाराणसी–गाजीपुर फोरलेन पर थाना क्षेत्र के रेवसा पेट्रोल पंप के पास शनिवार सुबह करीब 5 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में पीछे से आए दूसरे ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे धक्का मारने वाले ट्रेलर चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
झपकी आने से हुआ हादसा होने की आशंका
थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा के अनुसार, ट्रेलर चालक मुकेश कोल (40 वर्ष), निवासी भंवराहा गांव, थाना हनुमाना, जिला रीवा (मध्य प्रदेश), गाड़ी लेकर गाजीपुर की ओर जा रहे थे।
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चालक को झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़े गिट्टी लदे ट्रेलर से पीछे से जा टकराया।
केबिन में फंसकर मौके पर ही मौत
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चालक ट्रेलर के केबिन में बुरी तरह फंस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
क्रेन और रस्सी की मदद से निकाला गया शव
ग्रामीणों की सहायता से रस्सी और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रेलर को हटाया गया। काफी मशक्कत के बाद चालक के शव को बाहर निकाला जा सका।
इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस भेज दिया।
यातायात कुछ समय रहा बाधित
हादसे के कारण फोरलेन पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हो गया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मार्ग को साफ कराया और आवागमन को पुनः सामान्य कराया।
पुलिस जांच जारी
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जाएगी।
