जौनपुर
खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार कार, दो युवकों की मौत
बक्शा क्षेत्र में तड़के हुआ भीषण हादसा, तीन घायल; उन्नाव के रहने वाले थे सभी सवार
जौनपुर। वाराणसी-जौनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-731 पर बक्शा थाना क्षेत्र के कुल्हनामऊ गांव के पास सोमवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर तक यातायात भी प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब पांच बजे नेता ढाबा के सामने सड़क किनारे खड़े ट्रक (यूपी 44 एटी 3818) में पीछे से तेज रफ्तार मारुति वैगनआर कार (यूपी 32 पीयू 5119) अनियंत्रित होकर जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार ट्रक के पिछले हिस्से में फंस गई और उसमें सवार पांचों लोग अंदर ही फंस गए।
सूचना पर बक्शा थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को कार से बाहर निकाला गया और तत्काल जिला चिकित्सालय भेजा गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने अखिलेश शुक्ला और अंकित शुक्ला को मृत घोषित कर दिया। वहीं शोभीत श्रीवास्तव, संदीप मिश्रा और शोभीत शुक्ला का उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार तीनों घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है।
पुलिस के मुताबिक, हादसे में शामिल सभी लोग उन्नाव जनपद के आवास विकास कॉलोनी, कोतवाली क्षेत्र के निवासी हैं। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोने के कारण हादसा होना प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच की जा रही है और प्राप्त तथ्यों के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
