दुर्घटना
खड़ी पिकअप को डंपर ने मारी टक्कर, चालक की बची जान
वाराणसी। जिले के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में देर रात तेज रफ्तार डंपर ने सड़क किनारे खड़ी पिकअप में टक्कर मार दी। यह हादसा बिहड़ा गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब 1 बजे हुआ। दुर्घटना में पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें लदा सामान सड़क पर बिखर गया। हालांकि, चालक वाहन में मौजूद नहीं था, जिससे वह बाल-बाल बच गया।

जानकारी के मुताबिक, पिकअप वाहन वाराणसी से प्रयागराज की ओर जा रहा था। चालक राजू ने रास्ते में वाहन को सड़क किनारे खड़ा किया और पास स्थित एक ढाबे पर खाना खाने चला गया। इसी दौरान पीछे से आए अज्ञात डंपर ने खड़ी पिकअप में तेज टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन में रखा पूरा सामान सड़क पर फैल गया।
घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन और सड़क पर बिखरे सामान को किनारे हटवाकर यातायात सामान्य कराया। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
