दुर्घटना
कार-बाइक की भीषण भिड़ंत, दरोगा समेत तीन घायल
देवरिया। कुंडौली-लार रोड मार्ग पर शिव मंदिर के पास बुधवार सुबह कार और बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक दरोगा समेत तीन लोग घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ, जब कार चालक ट्रक को ओवरटेक कर रहा था। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए।
मईल थाना क्षेत्र के कुंडौली निवासी अर्जुन सिंह उर्फ मोहन सिंह, जो लखनऊ में उपनिरीक्षक पद पर तैनात हैं, अवकाश पर घर आए हुए थे। बुधवार को वह लार रोड से पेंट खरीदकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बरहज क्षेत्र के समोगर गांव से शादी समारोह से लौट रही कार लार थाना क्षेत्र के हरिकुंडावल गांव की ओर जा रही थी। ओवरटेक के दौरान कार और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
हादसे में बाइक सवार अर्जुन सिंह, उनके गांव के नसीम उर्फ झामलाल और राहगीर राकेश मद्धेशिया घायल हो गए। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लार पहुंचाया, जहां अर्जुन सिंह और नसीम की हालत गंभीर होने पर उन्हें महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज अस्पताल, देवरिया रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलने पर पहुंची मईल पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया तथा कार चालक विनोद कुशवाहा को हिरासत में ले लिया। मईल थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
