दुर्घटना
तेज रफ्तार ट्रक ने बस को मारी टक्कर, एक की मौत; छह घायल अस्पताल रेफर
पटहेरवा (कुशीनगर)। तेज रफ्तार ट्रक ने सवारियों से भरी बस में टक्कर मार दी, जिससे छह यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। सीएचसी पहुंचते ही एक घायल यात्री की मौत हो गई। मृतक अपने रिश्तेदारी में आयोजित मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होकर घर लौट रहे थे। मृत यात्री के भाई की हालत भी गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी। सीएचसी फाजिलनगर में प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने दो यात्रियों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

बुधवार की भोर में करीब साढ़े पांच बजे यात्रियों से भरी बस तमकुही से गोरखपुर जा रही थी। जैसे ही बस पटहेरिया स्थित डाइवर्जन के पास पहुंची, विपरीत दिशा से तेज गति से आ रहे ट्रक ने बस में टक्कर मार दी। हादसे में बस के मध्य भाग में बैठे सगे भाई सतीश शर्मा (30) व विजय शर्मा (25) निवासी बैरिया थाना रामकोला, मीरादेवी (34) पत्नी सुरेश मद्देशिया निवासी कुड़वा दिलीप नगर कसया, रोशन तारा पत्नी महबूब आलम निवासी तमकुही, मनोज कुमार पुत्र जयश्री (45) निवासी चौबेया पटखौली रामपुर बरहन थाना बरवा पट्टी, रामपाली देवी पत्नी ईश्वर गिरी निवासी मठिया माफी थाना गौरी बाजार, देवरिया तथा बस कंडक्टर वीर बहादुर (50) गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों में सतीश शर्मा की मौत सीएचसी ले जाने के बाद हो गई। मृतक सतीश शर्मा और विजय शर्मा सगे भाई हैं, जो पटहेरवा के गांव गगलवा में एक शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे। जबकि अन्य घायल तमकुही से ही बस में सवार हुए थे। घटना के बाद अन्य यात्रियों को हल्की चोटें आई थीं, जिसके कारण वे अस्पताल नहीं गए।
घटना के बाद मची अफरा-तफरी के बीच एनएच पर कुछ देर के लिए जाम लग गया। बाद में पहुंची पुलिस ने बस और ट्रक को सड़क से हटवाया, जिसके बाद आवागमन सुचारू हो सका। थानाध्यक्ष पटहेरवा धीरेंद्र कुमार राय ने बताया कि तहरीर मिलते ही कार्रवाई की जाएगी।
