Connect with us

गाजीपुर

कोडीन कफ सीरप तस्करी मामले में फरार आरोपी ने किया सरेंडर

Published

on

Loading...
Loading...

अदालत में आत्मसमर्पण के बाद सभी आरोपी न्यायिक प्रक्रिया के दायरे में, जल्द दाखिल होगी चार्जशीट

11 करोड़ से अधिक की संदिग्ध बिलिंग का मामला, छह मेडिकल एजेंसियां जांच के घेरे में

गाजीपुर। चर्चित कोडीन युक्त कफ सीरप तस्करी और फर्जी बिलिंग मामले में फरार चल रहे आरोपी नीलेश कुमार श्रीवास्तव ने सोमवार को अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम शक्ति सिंह की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। इस मामले में पहले से पांच आरोपी जेल में हैं। अब सभी आरोपियों के विरुद्ध पुलिस जल्द ही चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी में है।

अदालत में किया आत्मसमर्पण

शासकीय अधिवक्ता रत्नाकर दुबे ने बताया कि लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी नीलेश कुमार श्रीवास्तव ने न्यायालय में उपस्थित होकर सरेंडर कर दिया है। इसके साथ ही मामले के सभी नामजद आरोपी न्यायिक प्रक्रिया के दायरे में आ गए हैं।

Advertisement

छह फर्मों पर दर्ज हुआ था मुकदमा

मामले की जांच के दौरान सामने आया था कि जनपद की छह मेडिकल फर्मों ने झारखंड के रांची स्थित शैली ट्रेडर्स से न्यू फेंसेडिल कफ सीरप की 7.82 लाख बोतलों की खरीद दर्शाई थी। जांच में न तो संबंधित स्टॉक मिला और न ही खरीद-बिक्री से जुड़े अभिलेख उपलब्ध कराए जा सके।

इसके बाद औषधि निरीक्षक बृजेश मौर्य की शिकायत पर मेडिकल स्टोर संचालकों अमित कुमार सिंह, नीलेश श्रीवास्तव, शुभम सिंह, राहुल कुमार यादव, दयाराम सिंह और सर्वांश के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

11.74 करोड़ रुपये की बिलिंग पर सवाल

जांच में यह भी सामने आया कि जिले की छह मेडिकल एजेंसियों ने पिछले तीन वर्षों में कुल 7 लाख 82 हजार 800 बोतल कफ सीरप की बिलिंग दिखाई। एक बोतल की औसत कीमत लगभग 150 रुपये मानने पर कुल बिलिंग करीब 11 करोड़ 74 लाख 20 हजार रुपये की बनती है।

Advertisement

इन एजेंसियों की बिलिंग जांच के दायरे में

  • अंश मेडिकल एजेंसी, जखनियां : 1,98,500 बोतल, लगभग 2.97 करोड़ रुपये की बिलिंग।
  • शुभम फार्मा, खानपुर : 1,74,000 बोतल, लगभग 2.61 करोड़ रुपये की बिलिंग।
  • नित्यांश मेडिकल एजेंसी, मच्छनपुर भुड़कुड़ा : 2,88,000 बोतल, लगभग 4.32 करोड़ रुपये की बिलिंग।
  • राधिका मेडिकल एजेंसी, नंदगंज : 79,000 बोतल, लगभग 1.18 करोड़ रुपये की बिलिंग।
  • मौर्या मेडिकल स्टोर, पीरनगर : 49,800 बोतल, लगभग 74.70 लाख रुपये की बिलिंग।
  • स्वास्तिक मेडिकल एजेंसी, सैदपुर : 1,92,000 बोतल, लगभग 2.88 करोड़ रुपये की बिलिंग।

जल्द दाखिल होगी चार्जशीट

जांच एजेंसियों के अनुसार अब सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और न्यायालय में पेशी की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और दस्तावेजों के आधार पर जल्द ही अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया जाएगा। पुलिस और संबंधित विभाग पूरे नेटवर्क की जांच कर रहे हैं ताकि कफ सीरप के कथित दुरुपयोग और तस्करी से जुड़े अन्य तथ्यों का भी खुलासा हो सके।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page