Connect with us

मिर्ज़ापुर

किन्नर हत्याकांड का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

ब्लैकमेल से परेशान होकर हत्या करने का आरोप, शव रेलवे ट्रैक के पास फेंकने में प्रयुक्त ऑटो बरामद

मीरजापुर। पड़री थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास मिले किन्नर के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ऑटो भी बरामद कर लिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 23 जुलाई को भदोही निवासी अरशलान ने अपने पिता सत्तार खान उर्फ हसीना (किन्नर) की हत्या कर शव रेलवे ट्रैक के पास फेंके जाने की आशंका जताते हुए तहरीर दी थी। इस पर पड़री थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) एवं 238(बी) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर गठित टीम ने इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर शुक्रवार को भदोही जिले के चक जीवरानी निवासी सोनू विश्वकर्मा (25) को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त ऑटो (संख्या UP65QT2228) भी बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सत्तार खान उर्फ हसीना से अलग होना चाहता था, लेकिन कथित रूप से ब्लैकमेल किए जाने से परेशान था। इसी कारण उसने रामनगर बुलाकर शराब पिलाने के बाद गला दबाकर हत्या कर दी और शव को ऑटो से पड़री क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास ले जाकर सीमेंट की बाउंड्री के पीछे छिपा दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने शव के गले पर पत्थर भी रख दिया था, ताकि घटना दुर्घटना जैसी प्रतीत हो।

Advertisement

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की विवेचना जारी है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page