गोरखपुर
कार्यक्रम में डीएम-एसएसपी ने रखी विकास और सुरक्षा की रूपरेखा
गोरखपुर। गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब द्वारा आयोजित “प्रेस से मिलिए” कार्यक्रम में जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने जिले के विकास, कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से अपनी बात रखी। कार्यक्रम में एसपी ट्रैफिक अमित श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रेस क्लब अध्यक्ष ओंकार धर द्विवेदी के नेतृत्व में अतिथियों के स्वागत से हुआ। इस दौरान पत्रकारों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने अधिकारियों का सम्मान किया।
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कहा कि गोरखपुर तेजी से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। जीटी रोड विस्तार, सड़क चौड़ीकरण, नाला निर्माण, विरासत गलियारा, गोडधोइया नाला, सहजनवा सिक्स लेन पुल और चिलुआताल विकास जैसी परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को भी प्रशासन की प्राथमिकता बताया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने कहा कि गोरखपुर पुलिस आधुनिक तकनीक के माध्यम से अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि साइबर अपराध से पीड़ित लोगों का धन वापस दिलाने में गोरखपुर पुलिस ने उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। बीट प्रणाली को मजबूत करने और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त निगरानी की भी योजना है।

एसपी ट्रैफिक अमित श्रीवास्तव ने कहा कि निर्माण कार्यों के चलते कुछ स्थानों पर यातायात संबंधी दिक्कतें हैं, लेकिन पुलिस व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और ओवरस्पीडिंग से बचने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने कानून-व्यवस्था, चोरी की घटनाओं, खराब सड़कों, स्ट्रीट लाइट, नाला निर्माण, अवैध खनन, पुलिस पिकेट, ई-रिक्शा संचालन और यातायात व्यवस्था से जुड़े सवाल उठाए। अधिकारियों ने सभी प्रश्नों का विस्तार से जवाब देते हुए समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
अंत में प्रेस क्लब अध्यक्ष ओंकार धर द्विवेदी ने सभी अतिथियों, पत्रकारों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन मृत्युंजय शंकर सिन्हा ने किया।
