भदोही
कांवड़ियों के लिए गोपीगंज में भव्य सेवा शिविर शुरू
एसपी अभिनव त्यागी ने किया शुभारंभ, स्नान से लेकर भोजन और चिकित्सा तक की व्यवस्था
भदोही। पवित्र श्रावण मास में कांवड़ियों की सुविधा को देखते हुए थाना गोपीगंज क्षेत्र में कांवड़िया सेवा शिविर का शुभारंभ किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने फीता काटकर शिविर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल समेत पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।
सेवा शिविर में कांवड़ियों के लिए स्नान, शुद्ध पेयजल, विश्राम, भोजन और चिकित्सा सहायता की व्यवस्था की गई है। उद्घाटन के बाद अधिकारियों ने शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आयोजकों के प्रयासों की सराहना की।
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने शिविर के मुख्य आयोजक एवं नगर पालिका गोपीगंज अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता तथा सहयोगियों का आभार जताते हुए कहा कि शिविर से दूर-दराज से आने वाले कांवड़ियों को काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन कांवड़ियों की सुरक्षा एवं उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह तत्पर है।
अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने बताया कि यह 24 घंटे संचालित होने वाला सेवा शिविर कांवड़ियों के लिए विश्राम और सुविधा का प्रमुख केंद्र रहेगा। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मुस्तैद रखने का भरोसा दिलाते हुए कांवड़ियों से शांतिपूर्ण और सुगम यात्रा करने की अपील की।
