Connect with us

भदोही

ऑपरेशन नया जीवन: 70 बेसहारा बच्चों को मिला पहचान का आधार

Published

on

Loading...
Loading...

जन्म प्रमाणपत्र, आधार कार्ड और बैंक पासबुक का हुआ वितरण, अब तक 123 बच्चों को मिला लाभ

भदोही। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन में थाना भदोही परिसर में “ऑपरेशन नया जीवन फेज-2” के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चिन्हित 70 असहाय एवं बेसहारा बच्चों को जन्म प्रमाणपत्र, आधार कार्ड और बैंक पासबुक वितरित की गई। अभियान के पहले चरण में 53 बच्चों को लाभान्वित किया जा चुका है। इस तरह अब तक कुल 123 बच्चों को पहचान और अधिकार का नया आधार मिल चुका है।

दस्तावेजों के अभाव में योजनाओं से वंचित रहते थे बच्चे

अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने कहा कि अभियान का उद्देश्य ऐसे बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है, जो आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में शिक्षा, छात्रवृत्ति, स्वास्थ्य सेवाओं और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पाते हैं। जन्म प्रमाणपत्र, आधार और बैंक खाते की सुविधा मिलने से इन बच्चों के लिए सरकारी योजनाओं तक पहुंच आसान होगी।

शिक्षा और आत्मनिर्भरता से जोड़ने की पहल

उन्होंने कहा कि बच्चों को केवल दस्तावेज उपलब्ध कराना ही अभियान का उद्देश्य नहीं है, बल्कि उन्हें नियमित शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना भी प्राथमिकता है। संबंधित विभागों के सहयोग से बच्चों को उनके अधिकारों और उपलब्ध सरकारी सुविधाओं की जानकारी भी दी जा रही है।

समाजसेवियों से सहयोग की अपील

एएसपी ने समाजसेवी संस्थाओं और संभ्रांत नागरिकों से अपील की कि वे ऑपरेशन नया जीवन में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से जरूरतमंद और बेसहारा बच्चों को बेहतर भविष्य दिया जा सकता है। बच्चों को पहचान के दस्तावेज मिलना उन्हें शिक्षा और सरकारी योजनाओं से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Advertisement

अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में सीओ भदोही सुमित त्रिपाठी, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष पीसी उपाध्याय, जिला प्रोबेशन अधिकारी शत्रुघ्न कन्नौजिया, प्रभारी एएचटी इन्द्रभूषण यादव, प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार राय, श्रम विभाग के इन्द्रजीत तिवारी तथा एचआर महिला विकास संस्था के मनोज पाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page