Connect with us

जौनपुर

कथित वायरल ऑडियो पर सियासत तेज

Published

on

Loading...
Loading...

विधायक के खिलाफ टिप्पणी के आरोप में मुकदमा दर्ज

अपना दल (एस) कार्यकर्ताओं ने सुरेरी थाने का किया घेराव, वायरल ऑडियो की निष्पक्ष जांच की मांग

जौनपुर। सुरेरी थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल एक कथित ऑडियो को लेकर मड़ियाहूं विधानसभा की राजनीति गरमा गई है। विधायक डॉ. आर.के. पटेल के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी और धमकी दिए जाने के आरोप में अपना दल (एस) के कार्यकर्ताओं ने सुरेरी थाने का घेराव कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

रविवार को विधानसभा अध्यक्ष सभाजीत पटेल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सुरेरी थाने पहुंचे और ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मांग की कि सोशल मीडिया पर वायरल कथित ऑडियो की निष्पक्ष एवं वैज्ञानिक तरीके से जांच कराई जाए। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि ऑडियो में विधायक डॉ. आर.के. पटेल के खिलाफ कथित रूप से जातिसूचक शब्दों का प्रयोग, अभद्र भाषा और जान से नुकसान पहुंचाने जैसी धमकी दी गई है। उनका कहना है कि इससे विधायक की सामाजिक और राजनीतिक छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया है।

तहरीर में यह भी कहा गया है कि यदि वायरल ऑडियो वास्तविक पाया जाता है तो यह विधायक की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला है। शिकायतकर्ताओं ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Advertisement

शिकायत में रामपुर निस्फी के प्रधान प्रतिनिधि संजय यादव और उनके भाई विनोद यादव का भी उल्लेख किया गया है। आरोप लगाया गया है कि संजय यादव कथित रूप से अपने लाइसेंसी शस्त्र का प्रदर्शन कर लोगों में भय का माहौल बनाते हैं और विरोध करने वालों को धमकाते हैं। हालांकि, इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस इन्हें जांच का विषय बता रही है।

थानाध्यक्ष दिव्य प्रकाश सिंह ने बताया कि सभाजीत पटेल की तहरीर पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 352 एवं 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वायरल ऑडियो की सत्यता, उसमें सुनाई देने वाली आवाजों की पहचान और लगाए गए सभी आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

थाने पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान जिला पंचायत सदस्य डॉ. सुनीता वर्मा, प्रदेश सचिव (युवा मंच) उदय प्रताप पटेल, राकेश मिश्रा उर्फ मुन्ना, एडवोकेट राम विलास यादव सहित बड़ी संख्या में अपना दल (एस) के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page