आजमगढ़
ऑपरेशन ‘दहन’ की सफलता पर 16 पुलिसकर्मी सम्मानित
5.82 करोड़ रुपये के 827.856 किलोग्राम मादक पदार्थों के सुरक्षित विनष्टीकरण में उत्कृष्ट योगदान पर एसएसपी ने दिए प्रशस्ति पत्र
आजमगढ़। मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन दहन’ अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 16 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बुधवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मानित पुलिसकर्मियों ने करीब 827.856 किलोग्राम मादक पदार्थों के सुरक्षित एवं विधिसम्मत विनष्टीकरण की कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
5.82 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ किए गए थे नष्ट
पुलिस के अनुसार, जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी द्वारा 6 जुलाई 2026 को गांजा, डायजापाम सहित विभिन्न प्रकार के 827.856 किलोग्राम मादक पदार्थों का सुरक्षित विनष्टीकरण कराया गया था। इन मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ 82 लाख 15 हजार रुपये आंकी गई थी। विनष्टीकरण की पूरी प्रक्रिया निर्धारित मानकों के अनुरूप मेसर्स सिलिकॉन बायोटेक प्राइवेट लिमिटेड, भादो (मार्टीनगंज) स्थित इंसीनरेटर/बॉयलर के माध्यम से संपन्न कराई गई तथा इसकी फोटो और वीडियोग्राफी भी कराई गई।
16 अधिकारी और कर्मचारी हुए सम्मानित
ऑपरेशन दहन को सफल बनाने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले एडीजीसी एनडीपीएस एक्ट, विशेष मालखाना निस्तारण सेल, डीसीआरबी, सदर मालखाना, कोर्ट मोहर्रिर शाखा और विभिन्न थानों के कुल 16 अधिकारी एवं कर्मचारियों को एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों की कार्यशैली की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
नशा मुक्त समाज बनाने के लिए अभियान रहेगा जारी
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि आजमगढ़ पुलिस अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि समाज को नशा मुक्त बनाने और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर कठोर अंकुश लगाने के लिए पुलिस का अभियान आगे भी पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगा।
