Connect with us

आजमगढ़

नन्द बाबा दुग्ध मिशन के तहत डेयरी कॉन्क्लेव-2026 का आयोजन

Published

on

Loading...
Loading...

सीडीओ ने पशुपालकों से आधुनिक डेयरी तकनीक अपनाकर आय बढ़ाने का किया आह्वान

आजमगढ़। दुग्धशाला विकास विभाग, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में नन्द बाबा दुग्ध मिशन के अंतर्गत जनपद स्तरीय डेयरी कॉन्क्लेव-2026 का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कॉन्क्लेव का उद्देश्य दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देना, पशुपालकों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ना तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना रहा।

देशी नस्ल की गायों के संरक्षण पर दिया जोर

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि नन्द बाबा दुग्ध मिशन प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके माध्यम से दुग्ध उत्पादन, संग्रहण और विपणन व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने देशी नस्ल की गायों के संरक्षण और संवर्धन पर बल देते हुए कहा कि इनका दूध अधिक गुणवत्तापूर्ण एवं स्वास्थ्यवर्धक होता है। साथ ही गोबर और गोमूत्र प्राकृतिक खेती के लिए उपयोगी हैं, जिससे भूमि की उर्वरा शक्ति बढ़ती है और रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम होती है।

वैज्ञानिक पशुपालन से बढ़ेगी किसानों की आय

सीडीओ ने कहा कि यदि पशुपालक वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन करें, संतुलित पशु आहार दें, समय-समय पर टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान और पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण जैसी सुविधाओं का लाभ लें तो दुग्ध उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इससे किसानों की आय बढ़ने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

विशेषज्ञों ने दी आधुनिक डेयरी प्रबंधन की जानकारी

कॉन्क्लेव में विशेषज्ञों ने आधुनिक डेयरी प्रबंधन, संतुलित चारा व्यवस्था, पशु स्वास्थ्य एवं रोग नियंत्रण, स्वच्छ दुग्ध उत्पादन, दुग्ध प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन, नस्ल सुधार, पशु बीमा, दुग्ध विपणन तथा शासन की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने के व्यावहारिक उपाय भी बताए गए।

Advertisement

योजनाओं का समयबद्ध लाभ दिलाने के निर्देश

मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभागीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और पात्र पशुपालकों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाए। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ दुग्ध निरीक्षक एवं नोडल अधिकारी ने नन्द बाबा दुग्ध मिशन की योजनाओं की जानकारी दी तथा प्रतिभागियों के प्रश्नों का समाधान किया।

अधिकारी और बड़ी संख्या में पशुपालक रहे मौजूद

कार्यक्रम में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश गुप्ता, जिला युवा कल्याण अधिकारी सुल्तान सिंह, वरिष्ठ दुग्ध निरीक्षक एवं नोडल अधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञ, प्रगतिशील किसान, दुग्ध उत्पादक तथा बड़ी संख्या में पशुपालकों ने सहभागिता की।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page