मिर्ज़ापुर
ऑपरेशन ‘ऑल आउट’ के तहत एसपी ने किया औचक निरीक्षण
यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिसकर्मियों को दिए आवश्यक निर्देश
मीरजापुर। जनपद में अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने “ऑपरेशन ऑल आउट” अभियान के तहत थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के प्रमुख चौराहों पर तैनात पुलिसकर्मियों का आकस्मिक निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वाहनों की सघन चेकिंग, नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई
अभियान के दौरान स्थानीय पुलिस और यातायात पुलिस की संयुक्त टीमों ने विभिन्न बैरियरों पर वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान बिना नंबर प्लेट, तीन सवारी, काली फिल्म लगे वाहन, अवैध या संशोधित नंबर प्लेट, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, रॉन्ग साइड वाहन चलाने वाले तथा नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।
संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष नजर
पुलिस टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की भी गहन जांच की। अभियान के दौरान अवैध मादक पदार्थ, अवैध शस्त्र, वांछित एवं इनामी अपराधियों सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी गई।
मड़िहान क्षेत्र में पैदल गश्त कर लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ने थाना मड़िहान क्षेत्र के मड़िहान तिराहा और कस्बा क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जनपद में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
