Connect with us

गोरखपुर

एसबीआई एटीएम में रुपये निकालने वाले स्लॉट से छेड़छाड़, पुलिस ने बरामद कर लौटाए 7 हजार रुपये

Published

on

Loading...
Loading...

लोहे की प्लेट लगाकर निकासी रोकने की आशंका, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश

गोरखपुर।शाहपुर क्षेत्र के जेल बाईपास स्थित एसबीआई एटीएम में रुपये निकालने वाले स्लॉट से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। किसी शातिर ने एटीएम के कैश आउटलेट पर लोहे की प्लेट लगाकर निकासी का रास्ता बंद कर दिया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्लेट हटाई और मशीन में फंसे 7 हजार रुपये निकालकर पीड़ित को सौंप दिए।

निकासी का मैसेज आया, लेकिन रुपये नहीं निकले

सरस्वतीपुरम कॉलोनी निवासी वजाहत हुसैन रात करीब नौ बजे एटीएम से 7,000 रुपये निकालने पहुंचे। मशीन ने लेनदेन की प्रक्रिया पूरी कर दी और उनके मोबाइल पर निकासी का संदेश भी आ गया, लेकिन कैश बाहर नहीं आया। जांच करने पर उन्होंने पाया कि रुपये निकलने वाले स्लॉट पर लोहे की प्लेट लगी हुई है।

पुलिस ने हटाई प्लेट, मशीन से निकले रुपये

पीड़ित ने पहले एटीएम के टोल-फ्री नंबर पर शिकायत की, जहां उन्हें इंतजार करने की सलाह दी गई। इसके बाद उन्होंने डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंचे शाहपुर थाना प्रभारी राकेश रोशन सिंह और पुलिस टीम ने जांच के दौरान स्लॉट में लगी लोहे की प्लेट हटाई, जिसके बाद मशीन में फंसे 7 हजार रुपये बाहर निकल आए। पुलिस ने पूरी राशि पीड़ित को सौंप दी।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

सीओ गोरखनाथ रवि सिंह ने बताया कि एटीएम से छेड़छाड़ करने वाले व्यक्ति की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपी की तलाश की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page