Connect with us

वाराणसी

एनटीए की परीक्षाओं में अनियमितता के खिलाफ एबीवीपी का हंगामा, कार्रवाई की मांग

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, वाराणसी महानगर की ओर से बुधवार को महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ (MGKVP) परिसर में एनटीए (NTA) के खिलाफ पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया गया। परिषद के कार्यकर्ताओं ने पेपर लीक और परीक्षाओं में सामने आ रही अनियमितताओं के विरोध में जमकर प्रदर्शन करते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।

इस मौके पर महानगर मंत्री शिवम तिवारी ने कहा कि एनटीए द्वारा आयोजित परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं। छात्र-छात्राएं पूरे वर्ष मेहनत कर परीक्षा की तैयारी करते हैं, लेकिन परीक्षा रद्द होने से उनके भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है और उनका मनोबल भी टूटता है। उन्होंने सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा पेपर लीक सिंडिकेट में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

कार्यक्रम के दौरान आकाश प्रताप सिंह ने कहा कि यदि एनटीए पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से परीक्षाएं कराने में सक्षम नहीं है तो उसे तत्काल बर्खास्त किया जाना चाहिए। परिषद की मांग है कि दोषियों को जल्द सजा दी जाए, अन्यथा विद्यार्थी परिषद व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस दौरान आशुतोष तिवारी हर्षित ने कहा कि माता-पिता अपने बच्चों की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कठिन परिश्रम से धन जुटाकर उन्हें बाहर भेजते हैं। छात्र पूरी लगन और मेहनत के साथ परीक्षा देते हैं, लेकिन बार-बार पेपर लीक होने की घटनाओं से उनके सपने टूट जाते हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की, ताकि भविष्य में किसी भी छात्र का सपना न टूटे।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से गुरु प्रकाश सिंह, अंकुर तिवारी, प्रियांशु वर्मा, राहुल पाण्डेय, शुभम तिवारी, प्रियांशु सिंह, विशाल सिंह, अतुल उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। परिषद कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर यह संदेश दिया कि छात्रों के भविष्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और इस मुद्दे पर वे लगातार अपनी आवाज बुलंद करते रहेंगे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page