वाराणसी
सीवर जाम और जलभराव से नाराज युवक सड़क पर भरे पानी में लेटा, प्रशासन पर उठे सवाल
वाराणसी। जिले के राजातालाब-लॉ कॉलेज रोड पर उफनते गंदे पानी और सीवर जाम की समस्या के विरोध में एक युवक का अनोखा प्रदर्शन सामने आया। युवक सड़क पर भरे गंदे पानी के बीच अचानक लेट गया और मोबाइल फोन पर बातचीत करने लगा। इस दृश्य ने राहगीरों को चौंका दिया।
यह मामला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र से जुड़ा है, जहां राजातालाब क्षेत्र में लंबे समय से सीवर जाम की समस्या बनी हुई है। इसके कारण सड़क पर लगातार पानी भरा रहता है। कई स्थानों पर मैनहोल खुले पड़े हैं और कीचड़ जमा है, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि गंदगी और जलभराव की वजह से उनका रोजमर्रा का जीवन प्रभावित हो रहा है। क्षेत्रीय निवासियों ने कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत भी की, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका।
इसी बीच युवक सड़क पर जमा गंदे और बदबूदार पानी में लेट गया और शांत भाव से मोबाइल पर बात करता दिखाई दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे समझाने का प्रयास किया और सड़क से हटने के लिए कहा। हालांकि युवक अपनी बात पर अड़ा रहा और काफी देर तक वहीं बैठा रहा।

युवक की इस हरकत का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। वीडियो में युवक मानसिक रूप से अस्थिर प्रतीत हो रहा था या फिर किसी बात से परेशान होकर ऐसा कर रहा था। पुलिस भी मामले की जानकारी जुटाने में लगी रही।
बाद में युवक की पहचान पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य राजकुमार गुप्ता के पुत्र तन्नू के रूप में हुई, जो अपने अनोखे विरोध प्रदर्शन के लिए चर्चा में हैं। उनका कहना था कि वह इस माध्यम से व्यवस्था की बदहाली को उजागर करना चाहते थे, ताकि समस्या की ओर सरकार और प्रशासन का ध्यान जाए और जल्द समाधान हो सके।
