भदोही
उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो
उद्योगों को मिले नई रफ्तार: डीएम
जिला उद्योग बंधु एवं निर्यात प्रोत्साहन समिति की बैठक में व्यापार, निवेश और औद्योगिक विकास पर मंथन
भदोही। जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु एवं जिला निर्यात प्रोत्साहन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उद्योग-व्यापार प्रतिनिधियों, उद्यमियों, निवेशकों और व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ व्यापार, निवेश, निर्यात एवं विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में व्यापारियों, उद्यमियों और निवेशकों से जुड़े सभी मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे उद्यमियों के प्रति सहयोगात्मक एवं सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए लंबित मामलों का शीघ्र समाधान करें, जिससे औद्योगिक गतिविधियों को गति मिले और रोजगार के नए अवसर सृजित हों।
जिलाधिकारी ने खाद्य एवं रसद, विद्युत, प्रदूषण नियंत्रण, व्यापार कर सहित अन्य विभागों को व्यापारियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। वहीं अधिशासी अभियंता विद्युत को रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और विद्युत संबंधी शिकायतों का तत्काल समाधान करने को कहा।
बैठक में व्यापारियों ने राजपुरा चौराहा एवं लिप्पन चौराहा पर जाम की समस्या उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद भदोही के अधिशासी अधिकारी को अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाने तथा लोक निर्माण विभाग को लिप्पन चौराहे के चौड़ीकरण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही कारपेट बैंकिंग क्लस्टर को एक सप्ताह के भीतर संचालित कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना की समीक्षा के दौरान विकास खंडों में लंबित प्रकरणों पर जिलाधिकारी ने संबंधित खंड विकास अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर जांच पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। वहीं मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की समीक्षा में मुख्य विकास अधिकारी ने अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) को कम प्रगति वाले बैंकों की प्रतिदिन मॉनिटरिंग करने और नियमित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी बैंकों से लक्ष्य के अनुरूप अधिक से अधिक ऋण प्रकरण स्वीकृत करने को कहा।
बैठक में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, औद्योगिक निवेश के लिए लैंड बैंक डाटा, प्लग एंड प्ले पार्क, सिटी ऑफ एक्सपोर्ट एक्सीलेंस, डिस्ट्रिक्ट एक्सपोर्ट हब तथा पीएम सूर्यघर: मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निवेशकों के लिए मास्टर प्लान के अनुरूप विकास कार्य कराने और बीडा क्षेत्र के निवासियों से भवन निर्माण से पहले मानचित्र स्वीकृत कराने की अपील की। उन्होंने भूमि एवं राजस्व संबंधी मामलों के शीघ्र निस्तारण के भी निर्देश दिए।
बैठक में उपायुक्त उद्योग, अग्रणी जिला प्रबंधक, निर्यातक, अधिशासी अभियंता विद्युत, विभिन्न विभागों के अधिकारी, व्यापारी, उद्यमी, निवेशक एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
