बलिया
रसड़ा में थाना प्रभारी ने पुलिस बल के साथ किया पैदल गश्त, वाहनों की जांच
व्यापारियों और आमजन को दिलाया सुरक्षा का भरोसा, वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक
रसड़ा (बलिया)। नगर में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा की भावना बढ़ाने के उद्देश्य से थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र बहादुर सिंह ने पुलिस बल के साथ प्रमुख बाजारों एवं व्यस्त इलाकों में पैदल गश्त की। इस दौरान पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर वाहन चेकिंग अभियान चलाकर वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया।
पैदल गश्त के दौरान थाना प्रभारी ने बाजारों में व्यापारियों, दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों से संवाद किया। उन्होंने लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
इसके साथ ही पुलिस टीम ने प्रमुख चौराहों एवं मार्गों पर वाहनों की जांच की। इस दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, सीट बेल्ट का इस्तेमाल न करने, वाहन संबंधी आवश्यक दस्तावेजों की कमी सहित अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन की जांच की गई।
पुलिस ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की सलाह दी। साथ ही तेज रफ्तार एवं लापरवाही से वाहन न चलाने और यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि नगर में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ सुचारु यातायात सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की पैदल गश्त और वाहन चेकिंग का अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा।
