भदोही
कांवड़ यात्रा को लेकर भदोही पुलिस अलर्ट
628 पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात
एसपी अभिनव त्यागी ने अधिकारियों को किया ब्रीफ, एनएच-19 का उत्तरी लेन कांवड़ियों के लिए आरक्षित
भदोही। श्रावण मास में 30 जुलाई से 28 अगस्त तक चलने वाली कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए भदोही पुलिस ने व्यापक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था लागू की है। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने पुलिस लाइन, ज्ञानपुर में ड्यूटी पर तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों की ब्रीफिंग कर उन्हें सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था का महापर्व है और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने-अपने तैनाती स्थल पर सतर्क रहने, आपसी समन्वय बनाए रखने तथा किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
यात्रा के दौरान एनएच-19 पर भीटी बॉर्डर से बाबूसराय तक करीब 42 किलोमीटर का उत्तरी लेन पूरी तरह कांवड़ियों के लिए आरक्षित रहेगा। इस लेन पर सामान्य वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा, जबकि आम नागरिकों के लिए दक्षिणी लेन और सर्विस लेन से यातायात संचालित किया जाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पूरे मार्ग को चार जोन और दस सेक्टर में विभाजित किया गया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 09 जोनल मजिस्ट्रेट, 18 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 06 जोनल पुलिस अधिकारी, 08 सब-जोनल अधिकारी और 20 सेक्टर पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा 628 पुलिसकर्मी, पीएसी की दो प्लाटून, फ्लड कंपनी की डेढ़ सेक्शन, 10 चार पहिया और तीन दो पहिया पीआरबी भी ड्यूटी पर रहेंगी।
यात्रा मार्ग पर भीटी बॉर्डर, बाबूसराय बॉर्डर, धौरहरा बॉर्डर, सहसेपुर और ज्ञानपुर तिराहा सहित पांच इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट बनाए गए हैं। कांवड़िया लेन के पांच कट प्वाइंट पूरी तरह बैरिकेडिंग कर बंद किए गए हैं। आपात स्थिति से निपटने के लिए छह स्थानों पर एम्बुलेंस एवं चिकित्सकीय टीमें, तीन फायर टेंडर, छह क्रेन और वायरलेस संचार की विशेष व्यवस्था की गई है। पूरे यात्रा मार्ग की निगरानी ड्रोन कैमरों से भी की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान पूरे जनपद में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू रहेगी। अफवाह फैलाने या भ्रामक सूचना प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ब्रीफिंग के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
